
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: पूरी दुनिया को शांति का संदेश देने के लिए अहिसा विश्व भारती नामक संस्था द्वारा विश्व शांति केंद्र का निर्माण गुरुग्राम के सेक्टर-39 में किया जाएगा। इसका भूमि पूजन समारोह रविवार को संस्था के संस्थापक अध्यक्ष और प्रसिद्ध जैनाचार्य डा. लोकेश के 62वें जन्मोत्सव पर संपन्न हुआ। केंद्र में व्यक्तित्व निर्माण के लिए प्राचीन ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से तैयार किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। कार्यक्रम विद्यार्थी, अध्यापक, युवा, महिला, डाक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, व्यापारी तथा किसान यानी हर वर्ग के लिए आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पूरी दुनिया को शांति का संदेश देना होगा।
भूमि पूजन समारोह में पहुंचे योग गुरु बाबा रामदेव, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, परमार्थ निकेतन के परमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हरियाणा के प्रांत संघचालक पवन जिदल, केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व सांसद विजय दर्डा, आचार्य अभय दास, स्वामी दीपांकर महाराज, आचार्य शैलेश आचार्य उदय, स्वदेशी जागरण मंच दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष और उद्योगपति मदन जिदल ने विश्व शांति केंद्र के निर्माण के लिए आचार्य डा. लोकेश की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके माध्यम पूरी दुनिया में भारतीय जीवन शैली का संदेश बेहतर तरीके से पहुंचेगा। मानवता के लिए शांति का संदेश इस केंद्र से जाएगा। रूस-यूक्रेन युद्ध को देखते हुए इस तरह के केंद्र की काफी आवश्यकता है क्योंकि दुनिया में अशांति का माहौल है। इस मौके पर सभी संतों और गणमान्य लोगों ने आचार्य डा. लोकेश को शाल और रुद्राक्ष का पौधा भेंटकर उनके जन्मोत्सव की बधाई दी।
अगले साल दिसंबर तक पूरा होगा निर्माण
अहिसा विश्व भारती के संस्थापक अध्यक्ष और जैनाचार्य डा. लोकेश ने जमीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि एक जुलाई से निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। निर्माण दिसंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस केंद्र में शांति दूत तैयार किए जाएंगे। भूमि पूजन समारोह में अमेरिका के न्यूयार्क से करमजीत सिंह ढालिवाल, न्यूजर्सी से अनिल मोंगा, अटलांटिक सिटी से बसंत चित्रा गुप्ता, विश्व शांति केंद्र के चेयरमैन अभय कुमार जैन, अहिसा विश्व भारती के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश तिवारी, मुंबई से सौरभ बोरा, बाबा शुक्ला, किशोर खाबीया, श्रीप्रकाश कानूनगो, मधु जैन, अहमदाबाद से डा. रूप कुमार हसमुख अग्रवाल, नीमराणा से संजय शर्मा, रामगोपाल दीक्षित, डा. आलोक डारोलिया, धीरेंद्र सिंह राघव तथा विकास दुरेजा आदि शामिल हुए।
https://www.jagran.com/haryana/gurgaon-the-message-of-peace-will-reach-the-world-from-the-world-peace-center-22638950.html
पूरी दुनिया को शांति का संदेश देने के लिए अहिसा विश्व भारती नामक संस्था द्वारा विश्व शांति केंद्र का निर्माण गुरुग्राम के सेक्टर-39 में किया जाएगा।